Jaunpur Election 2022 Voting LIVE : जौनपुर की नौ विधानसभा के लिए मतदान शुरू, सुबह 9.00 बजे 9.77 फीसद मतदान
JaunpurUpdateNews
विधानसभा चुनाव के सातवें व अंतिम सातवें चरण में जौनपुर की नौ सीटों पर आज सोमवार को मतदान है। जौनपुर से प्रदेश सरकार के एक मंत्री, दो पूर्व मंत्री व तीन पूर्व सांसद चुनाव मैदान में हैं। यहां कुल 2145 मतदान केंद्रों पर 3948 मतदेय स्थलों पर कुल 3510929 मतदाता अपना विधायक चुन रहे हैं। वहीं इसमें 1826577 पुरुष मतदाता, 1684206 महिला मतदाता और 76 अन्य मतदाता हैं। जिले में कुल 165 नामांकन हुआ था। जिसमें 40 रद्द नामांकन और चार नाम वापसी के बाद कुल 121 उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में हैं। जिले में जौनपुर सदर, मल्हनी, शाहगंज, केराकत (सु.), जफराबाद, मड़ियाहूं, मछलीशहर (सु), मुंगराबादशाहपुर और बदलापुर में मतदान चल रहा है।
जौनपुर में सुबह 9.00 बजे 9.77 फीसद तक मतदान हो चुका था।
सुबह नौ बजे तब जौनपुर की विधानसभाओं में मत फीसद
364 बदलापुर-9 फीसद
365 शाहगंज-10 फीसद
366 जौनपुर-10 फीसद
367 मल्हनी-11 फीसद
368 मुंगराबादशाहपुर-9 फीसद
369 मछलीशहर-10 फीसद
370 मड़ियाहूं-10 फीसद
371 जफराबाद-8 फीसद
372 केराकत-11 फीसद
फर्जी मतदान को लेकर मचा हो हल्ला : मल्हनी विधानसभा के उतरीजपुर बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर शिकायत पर मचा हो हल्ला। पुलिस ने एक युवक को पकड़कर थाने ले गई। इस दौरान दस मिनट तक मतदान बाधित रहा।
देर से शुरू हुआ मतदान : विधानसभा सदर के जूनियर हाईस्कूल पोरई कलां में बूथ संख्या 136 में 15 मिनट की देरी से सात बजकर पंद्रह मिनट पर मतदान शुरू हुआ तब तक यहां लंबी लाइन लगी लग चुकी थी। मीरगंज बूथ संख्या 403 पर मशीन में तकनीकी समस्या के चलते कनेक्ट होने में विलंब हुआ। वहीं 20 मिनट देरी से शुरू हुआ मतदान। मछलीशहर बूथ संख्या 45 जमालपुर पर ईवीएम की बैटरी खराब होने के कारण बैटरी बदलने पर 30 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ। विधानसभा सदर के जूनियर हाईस्कूल पोरई कलां में बूथ संख्या 136 पर भी देर से मतदान शुरू हुआ। वहीं बरईपार मुंगराबादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 368 के बूथ संख्या 186 पर मशीन में कुछ तकनीकी कमी से एक घंटे बाद मतदान शुरू हो पाया। हालांकि, कुछ ही देर में तकनीकी कमी सही हो गयी, इसके बाद तुरंत मतदान शुरू करा दिया गया। केराकत के बेलवरियां गांव के बूथ संख्या 293 पर ईवीएम में खराबी की वजह से मतदान डेढ़ घंटा देरी से शुरू हुआ। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों की टीम ने ईवीएम को बदलकर दूसरा ईवीएम लगाया, जिसके बाद मतदान शुरू हुआ।
366 जौनपुर सदर
मंत्री की अग्नि परीक्षा, पल-पल बदल रहे समीकरण
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
गिरीशचंद्र यादव-भाजपा-90324
नदीम जावेद-कांग्रेस-78040
दिनेश टंडन-बसपा-41877
जौनपुर की सबसे चर्चित सीट में जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से योगी सरकार के आवास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां उनकी टक्कर सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक अरशद खान से नजर आ रही है, हालांकि पार्टी के परंपरागत मतों के भरोसे बसपा के सलीम खान व कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार गांधी परिवार के करीबी पूर्व विधायक नदीम जावेद मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने को पूरी ताकत झोंक चुके हैं। चार दशक से कोई प्रत्याशी यहां दुबारा चुनाव नहीं जीत सका है।
367 मल्हनी
सपा के किले को दरकाने की कोशिश
2020 का उपचुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
लकी यादव-सपा-73468
धनंजय सिंह-निर्दल-68836
मनोज कुमार सिंह-भाजपा-28840
जय प्रकाश दुबे-बसपा-25180
2012 में नवसृजित इस विधानसभा सीट में अब तक हुए दो आम चुनाव व एक उपचुनाव में हर बार सपा ने बाजी मारी है। जिले की यह इकलौती विधानसभा सीट है जहां अब तक हुए चुनावों में मुख्य मुकाबला निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह से रहा है। यहां से दो बार विधायक रहे कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के निधन के बाद उपचुनाव में विधायक चुने गए उनके पुत्र लकी यादव एक बार फिर सपा प्रत्याशी हैं। इस बार भी उनका मुकाबला जद यू प्रत्याशी पूर्व सांसद धनंजय सिंह से तय माना जा रहा है। करहल के बाद प्रदेश की यह इकलौती सीट रही जहां सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आकर प्रचार किया है। यहां भाजपा से पूर्व सांसद डाक्टर केपी सिंह मैदान में हैं।
365 शाहगंज
पिछले चार चुनाव से लगातार सपा का कब्जा
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
शैलेंद्र यादव ललई-सपा-67818
राणा अजीत सिंह-सुभासपा-58656
ओपी सिंह-बसपा-51176
पूर्वांचल की दूसरी बड़ी गल्ला मंडी वाले शाहगंज विधानसभा में पिछले चार चुनावों से लगातार सपा का कब्जा है। सपा से विधायक पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई से इस बार भाजपा के सहयोगी निषाद पार्टी के उम्मीदवार पूर्व प्रमुख रमेश सिंह की सीधी टक्कर मानी जा रही है।
372 केराकत (सु.)
त्रिकोणीय लड़ाई में कांटे की टक्कर के आसार
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
दिनेश चौधरी-भाजपा-84078
संजय कुमार सरोज-सपा-68561
उर्मिला राज-बसपा-66031
इस सुरक्षित विधानसभा सीट से भाजपा से विधायक दिनेश चौधरी, सपा से पूर्व सांसद तूफानी सरोज व बसपा के डाक्टर लालबहादुर सिद्धार्थ के बीच कांटे के मुकाबले के आसार हैं। यहां भाजपा के समक्ष सीट बचाने तो सपा-बसपा के समक्ष उन्हें बेदखल करने की कठिन चुनौती है।
371 जफराबाद
लड़ाई पूर्व मंत्री व निवर्तमान विधायक के बीच सिमटने के आसार
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
डाक्टर हरेंद्र प्रसाद सिंह-भाजपा-85989
शचींद्रनाथ त्रिपाठी-सपा-61124
संजीव कुमार उपाध्याय-बसपा-45490
नए परिसीमन के बाद 2012 में सृजित इस विधानसभा सीट के पहले चुनाव में सपा तो दूसरी बार भाजपा ने परचम लहराया है। इस बार भी यहां मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी विधायक डाक्टर हरेंद्र प्रसाद सिंह व सुभासपा-सपा गठबंधन से सुभासपा प्रत्याशी पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय के बीच सिमटता नजर आ रहा है। क्षेत्र में दोनों पक्षों के धुंआधार प्रचार अभियान को देखते हुए यहां रोमांचक मुकाबले के आसार जताए जा रहे हैं।
370 मड़ियाहूं
पटेल बाहुल्य सीट पर बिरादरी के मतदाताओं पर नजर
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
डाक्टर लीना तिवारी-अपना दल-एस-58804
श्रद्धा यादव-सपा-47454
भोलानाथ शुक्ला-बसपा-37066
पटेल मतदाता बहुल इस सीट पर सपा-अपना दल (एस) व बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। यहां की विधायक डाक्टर लीना तिवारी का टिकट काटकर अपना दल ने पड़ोसी जिले भदोही के रहने वाले डाक्टर आरके पटेल को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला बसपा से पाला बदल कर सपा में आईं मुंगराबादशाहपुर की विधायक सुषमा पटेल व बसपा के आनंद दुबे के बीच तय माना जा रहा है।
369 मछलीशहर (सु.)
सपा ने पूर्व मंत्री का टिकट काटकर दिया नए चेहरे को
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
जगदीश सोनकर-सपा-72368
अनीता रावत-भाजपा-68189
सुशीला सरोज-बसपा-52796
नए परिसीमन में सुरक्षित हुई इस सीट पर लगातार दो बार चुनाव जीतने वाले पूर्व मंत्री विधायक जगदीश सोनकर का टिकट काटकर इस बार यहां से डाक्टर रागिनी सोनकर को सपा ने प्रत्याशी बनाया है। रागिनी सोनकर वाराणसी के अजगरा के विधायक कैलाश सोनकर की पुत्री हैं।
368 मुंगराबादशाहपुर
त्रिकोणीय मुकाबला बनाने में झोंकी ताकत
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
सुषमा पटेल-बसपा-69328
सीमा द्विवेदी-भाजपा-63414
अजयशंकर दुबे-कांग्रेस-59288
इस नवसृजित विधानसभा में हुए अब तक के दो मुकाबले में पहली बार भाजपा की सीमा द्विवेदी व दूसरी बार बसपा की सुषमा पटेल विधायक चुनीं गईं। सुषमा के पार्टी के साथ ही सीट बदल देने से इस बार के चुनाव में भाजपा से अजय शंकर दुबे व सपा के पंकज पटेल के बीच मुकाबले के आसार हैं। हालांकि बसपा के दिनेश शुक्ल ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में ताकत झोंकी है। यहां से जो भी चुना जाएगा वह पहली बार विधायक बनेगा।
364 बदलापुर
मुख्य मुकाबला पहुंचा सपा-बसपा के बीच
2017 का चुनाव परिणाम
प्रत्याशी-------पार्टी-----मत
रमेशचंद्र मिश्रा-भाजपा-60237
लालजी यादव-बसपा-57865
ओमप्रकाश दुबे-सपा-46545
इस नवसृजित विधानसभा सीट पर पहली बार सपा के ओम प्रकाश उर्फ बाबा दुबे व दूसरी बार भाजपा के रमेश चंद्र मिश्र ने जीत हासिल की। इस बार भी मुख्य मुकाबला इन्हीं दोनों प्रत्याशियों के बीच माना जा रहा है। हालांकि यहां बसपा के मनोज सोमवंशी व लड़की हूं लड़ सकती हूं के नारे को साकार कर रही कांग्रेस से पूर्व सांसद कमला प्रसाद सिंह की पौत्र वधू आरती सिंह भी मजबूती के साथ मैदान में हैं।
No comments
Jaunpur Update News For Advisement Contect Us
विज्ञापन के लिये संपर्क करे Jaunpur Update News Portal
----------------------------------
हमारे न्यूज पोर्टल पर सस्ते दर पर कराएं विज्ञापन।
सम्पर्क करें: मो. 8299305423 , 9451220345
------------------------------
Jaunpur Update न्यूज पोर्टल
www.jaunpurupdate.com
डिजिटल खबर एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
मो. 8299305423 , 9451220345
जौनपुर के लोगों ने अपना भरपूर सहयोग और प्यार देकर जौनपुर अपडेट को जौनपुर का सर्वाधिक पढ़ा जाने वाला न्यूज पोर्टल बना दिया है।