• Breaking News

    Big News: दिल्ली के तीन मेट्रो स्टेशन बंद, यमुना एक्सप्रेस-वे पर बवाल, गुरुग्राम में धारा-144

     
    खास बातें

    चार साल की अवधि के लिए लगभग 45-50,000 युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल करने की केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में विरोध हो रहा है। विभिन्न समूह इस योजना का अलग-अलग तरीके से विरोध कर रहे हैं। कहीं छात्रसंघ के नेता सड़कों पर उतर आए हैं तो कहीं ट्रेन में आग लगा दी गई है। यहां पढ़ें अग्निपथ योजना के खिलाफ चल रहे विरोध के पल-पल की अपडेट-

    Subscribe करे हमारे YouTube Channel को



    लाइव अपडेट

    02:08 PM, 17-JUN-2022

    उपद्रवियों ने आठ गाड़ियों में लगाई आग

    अलीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने अब तक आठ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर हैं। प्रदर्शन कर रहे युवा टप्पल से जट्टारी पहुंचे हैं। यहां जबरन बाजार बंद करा दी। इसके साथ ही आगजनी भी की।

    01:45 PM, 17-JUN-2022

    प्रदर्शनकारियों ने पीएसी कर्मी को घेरकर पीटा

    अलीगढ़ टप्पल इलाके के यमुना एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज पर अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पीएसी कर्मी को घेरकर पीटा। साथ ही अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम की शिला पट्टिका तोड़ दी।
    01:33 PM, 17-JUN-2022

    गुरुग्राम में धारा 144 लागू, हाई अलर्ट पर पुलिस

    अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए एहतियात के तौर पर गुरुग्राम जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस हाई अलर्ट पर है।
    01:27 PM, 17-JUN-2022

    ग्रेटर नोएडा:

    यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण जाम लगा हुआ है। पुलिस के आला अधिकारी छात्रों को समझाने में लगे हुए हैं। एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट पर वाहनों को रोका गया है। नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भी भीषण जाम लगा है।
    01:18 PM, 17-JUN-2022

    टप्पल में यमुना एक्सप्रेस वे इंटरचेंज पर हालात हुए असामान्य

    पुलिस को उपद्रवियों ने खदेड़ा है। चार बसों को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया था। हरियाणा रोडवेज की बस में भी तोड़फोड़ की थी। पुलिस अधिकारियों सहित थाना पुलिस की गाड़ियों में भी अताताइयों ने हमला बोला था। एएसपी मौके पर पहुंच रहे हैं, इस बीच टप्पल में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
    12:47 PM, 17-JUN-2022

    दिल्ली: आईटीओ मेट्रो स्टेशन के सभी गेट बंद

    दिल्ली में प्रदर्शन के कारण खराब हुए माहौल को देखते हुए एहतियातन दिल्ली गेट, जामा मस्जिद और आईटीओ मेट्रो स्टेशन के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इसकी जानकारी दी है। छात्र-युवा संघर्ष समिति अग्निपथ योजना का विरोध कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस योजना को वापस लिया जाए।
    12:36 PM, 17-JUN-2022

    अलीगढ़: अबतक चार गाड़ियां आग के हवाले

    अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस वे पर कई गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए दो रोडवेज की गाड़ियों में आग लगा दी गई एक गाड़ी को पुलिस ने बचा लिया दूसरी जलकर राख हो गई। उपद्रवियों ने अबतक कुल चार गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद नाराज छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया है। पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। हालात काबू से बाहर हो गए हैं।
    12:34 PM, 17-JUN-2022

    अलीगढ़ में भी विरोध जारी

    अलीगढ़ में अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती प्रक्रिया की घोषणा के विरोध में दूसरे दिन भी प्रदर्शन हुआ। थाना टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर अभ्यर्थियों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस फोर्स मौके पर प्रदर्शनकारियों को समझाने बुझाने में जुटी हई है।
    11:45 AM, 17-JUN-2022

    हल्द्वानी: पुलिस के लाठीचार्ज से बचने के लिए नहर में कूदे युवा

    उत्तराखंड के हल्द्वानी में अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवकों पर पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू की तो भगदड़ मच गई। इस बीच लाठीचार्ज से बचने के लिए कई युवक नहर में कूद गए। हल्द्वानी के साथ ही टनकपुर में भी युवाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। 
    11:44 AM, 17-JUN-2022

    दिल्ली के आईटीओ में भी प्रदर्शन

    दिल्ली के आईटीओ में युवाओं ने अग्नीपथ योजना के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 25 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
    11:36 AM, 17-JUN-2022

    महराजगंज: अग्निपथ योजना के विरोध में उतरे युवा

    महराजगंज में अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। सभी युवाओं ने कहा कि पुरानी पद्धति के आधार पर ही सेना में भर्ती की जाए। नई व्यवस्था बेहतर नहीं है, इसे वापस लिया जाए। जिलाधिकारी ने युवाओं को समझा-बुझाकर शांत किया इसके बाद सभी युवा वापस चले गए।
    11:34 AM, 17-JUN-2022

    कानपुर में पुलिस अलर्ट

    कानपुर में युवाओं के प्रदर्शन के कारण जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन के दोनों छोर सिटी साइड और कैंट साइड में फोर्स तैनात कर दी है। आरपीएफ कानपुर सेंट्रल के इंस्पेक्टर बीपी सिंह और जीआरपी के सीओ कमरुल हसन खां के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह से ही स्टेशन पर गश्त हुआ। संदिग्ध युवाओं से बातचीत की गई और जहां भी समूह में खड़े युवा दिखे उनसे स्टेशन आने का कारण पूछा और टिकट जांचे गए। संतुष्ट होने के बाद ही उन्हें कानपुर सेंट्रल स्टेशन के परिसर में दाखिल होने दिया गया। बेवजह खड़े लोगों को स्टेशन से बाहर का रास्ता दिखाया गया।
    11:31 AM, 17-JUN-2022

    वाराणसी में जमकर हुई तोड़फोड़

    अग्निपथ योजना के विरोध में वाराणसी में शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रदर्शन हो रहा है। कैंट स्टेशन के बाहर युवकों ने सवारी वाहनों के शीशे तोड़े और प्रदर्शन शुरू किया। साथ ही इंग्लिशिया लाइन, कैंट स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग पर भी प्रदर्शन किया। कैंट स्टेशन परिसर में प्रवेश से रोकने पर भड़के युवाओं ने प्रदर्शन किया। रोडवेज के पास भी युवकों ने पत्थरबाजी की। पथराव कर कई बसों के शीशे तोड़ दिए। कैंट स्टेशन के आसपास की दुकानें बंद हो गई हैं। इंग्लिशिया लाइन पर पथराव भी किया गया है।
    11:21 AM, 17-JUN-2022

    गोरखपुर: पीपीगंज रेलवे परिसर में पथराव

    गोरखपुर के पीपीगंज रेलवे परिसर में खड़ी कैंपिंग कोच और स्टेशन पर छात्रों द्वारा तोड़फोड़ की सूचना है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकारी बसों में भी तोड़फोड़ की। पथराव की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
    11:19 AM, 17-JUN-2022

    कुशीनगर में भी हुआ विरोध

    कुशीनगर जिले में भी अग्निवीर के विरोध में युवकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह पटहेरवा थाना क्षेत्र में हाइवे के लवनिया चौराहे पर अग्निवीर के विरोध में युवकों के इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया। हाइवे पर जाम लगाकर युवकों ने टायर जलाने की तैयारी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। काफी देर तक पुलिस से युवकों की बातचीत होती रही। इसके बाद प्रदर्शन करने पहुंचे युवक हाइवे से हटकर किनारे खड़े हो गए। 
    10:20 AM, 17-JUN-2022

    जींद: अग्निपथ योजना के खिलाफ युवाओं में रोष

    जींद के नरवाना में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन करते वक्त जींद-दिल्ली-भटिंडा रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में युवा ट्रैक पर बैठ गए हैं। पुलिस हाई अलर्ट मोड में है।
    10:09 AM, 17-JUN-2022

    हरियाणा में भी विरोध जारी

    अग्नीपथ योजना के विरोध में हरियाणा में भी युवाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। नारनौल में सड़कों पर हो रहे प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान दो छात्र नेता समेत 9 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
    09:57 AM, 17-JUN-2022

    Agnipath Scheme: दिल्ली के तीन मेट्रो स्टेशन बंद, यमुना एक्सप्रेस-वे पर बवाल, गुरुग्राम में धारा-144

    बलिया: अराजक तत्वों ने ट्रेन की बोगी में लगाई आग
    अग्निपथ योजना के विरोध में बलिया में शुक्रवार तड़के ही युवा सड़कों पर उतर आए। इस दौरान युवाओं ने स्टेडियम में योजना के विरोध में पुलिस को पत्र सौंपा। इसके अलावा अराजक तत्वों ने रेलवे लाइन पर खड़ी ट्रेन की एक खाली बोगी में आग लगा दी। रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ करने के साथ पत्थरबाजी भी की। मौके पर पहुंची भारी फोर्स ने दर्जनों भर युवाओं को हिरासत में लिया है। युवाओं को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग भी करना पड़ा। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। जौनपुर  वाजिदपुर तिराहे को युवाओं ने जाम कर दिया है। भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

    No comments

    Jaunpur Update News For Advisement Contect Us

    विज्ञापन के लिये संपर्क करे Jaunpur Update News Portal
    ----------------------------------
    हमारे न्यूज पोर्टल पर सस्ते दर पर कराएं विज्ञापन।
    सम्पर्क करें: मो. 8299305423 , 9451220345
    ------------------------------
    Jaunpur Update न्यूज पोर्टल

    www.jaunpurupdate.com
    डिजिटल खबर एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
    मो. 8299305423 , 9451220345

    जौनपुर के लोगों ने अपना भरपूर सहयोग और प्यार देकर जौनपुर अपडेट को जौनपुर का सर्वाधिक पढ़ा जाने वाला न्यूज पोर्टल बना दिया है।

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad