जौनपुर: दीपावली की रात घर में घुसकर खूनी हमला, लाठी-डंडों और गड़ासी से पीट-पीटकर रमेश यादव की हत्या; भाई और भतीजा गंभीर घायल #JaunpurUpdateNews
JaunpurUpdateNews
जौनपुर (उत्तर प्रदेश): दीपावली के पावन पर्व पर जौनपुर के तेजी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बसरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते खूनी खेल देखने को मिला। रविवार की रात जब पूरा परिवार घर में दीये जलाकर त्योहार मना रहा था, तभी पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और गड़ासी से जानलेवा हमला बोल दिया। इस ताबड़तोड़ हमले में 40 वर्षीय रमेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके भाई और 17 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं, घर में घुसकर बोला धावा
मृतक के बेटे शुभम यादव के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर दीपावली का पर्व मना रहे थे। इसी दौरान गांव की ही चौहान बस्ती से आठ से दस लोग हाथों में लाठी-डंडे और गड़ासी लेकर अचानक घर में घुस आए। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते, हमलावरों ने अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जब तक दौड़े, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
रास्ते में तोड़ा दम, दो घायलों के हाथों में गंभीर फ्रैक्चर
हमले में गंभीर रूप से लहूलुहान रमेश यादव (40), उनके भाई मुन्नू यादव (50) और 17 वर्षीय भतीजे प्रदीप यादव को 108 एंबुलेंस की मदद से आनन-फानन में बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। रमेश की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में भर्ती मुन्नू यादव के दाहिने हाथ के पंजे में फ्रैक्चर है, जबकि किशोर प्रदीप का बायां हाथ टूट गया है। दोनों का उपचार जारी है।
एक सप्ताह पहले भी हुआ था विवाद, रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए सुनियोजित तरीके से त्योहार की रात यह जानलेवा हमला किया गया।
8 नामजद व 1 अज्ञात महिला पर FIR, आरोपियों की तलाश में दबिश
थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि मृतक के पुत्र शुभम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रितेश चौहान, लालू, प्रेम, शिवा, शैलेश, राम सिंह, वीरे चौहान और एक अज्ञात महिला सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
No comments
Jaunpur Update News For Advisement Contect Us
विज्ञापन के लिये संपर्क करे Jaunpur Update News Portal
----------------------------------
हमारे न्यूज पोर्टल पर सस्ते दर पर कराएं विज्ञापन।
सम्पर्क करें: मो. 8299305423 , 9451220345
------------------------------
Jaunpur Update न्यूज पोर्टल
www.jaunpurupdate.com
डिजिटल खबर एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
मो. 8299305423 , 9451220345
जौनपुर के लोगों ने अपना भरपूर सहयोग और प्यार देकर जौनपुर अपडेट को जौनपुर का सर्वाधिक पढ़ा जाने वाला न्यूज पोर्टल बना दिया है।